हरियाणा: सरकार पर संकट के बाद एक्शन में आरएसएस

हरियाणा की नायब सैनी सरकार से तीन निर्दलीय विधायकों ने समर्थन वापस ले लिया है। वे कांग्रेस के साथ आ गए हैं। विपक्ष इसके बाद से लगातार सरकार के अल्पमत में होने की बात कह रहा है।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोकसभा चुनाव के दौरान हरियाणा के ताजा राजनीतिक समीकरणों को लेकर आपात बैठक ली है। इसमें आरएसएस के बड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने हर विषय पर चर्चा की।
बताया जा रहा है कि आरएसएस ने बैठक में चुनाव समीकरण पर चिंता जाहिर की और प्रदेश का चुनाव अपने हाथ में लेने की बात कही। संघ से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने भी सुनवाई न होने की बात कही। दो घंटे तक चली बैठक के बाद सीएम और पूर्व सीएम वापस चले गए।
सेवा साधना केंद्र में हुई बैठक
आरएसएस ने आपात बैठक रविवार रात को समालखा के पट्टीकल्याणा स्थित सेवा साधना केंद्र में हुई। इसमें आरएसएस के कई बड़े नेता पहुंचे। बैठक में तीन दिन पहले पंचकूला में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक की रिपोर्ट सबके सामने रखी गई। जिसमें साफ कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को प्रदेश में सभी 10 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार भी सभी 10 सीटों पर जीत का दावा किया जा रहा था, लेकिन समीकरण अपेक्षाकृत नहीं आ रहे हैं। रोहतक और सिरसा सीट पर जबरदस्त मुकाबला बताया जा रहा है। बाकी आठ सीटों पर भी लोगों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। सीएम नायब सिंह सैनी और पूर्व सीएम मनोहर लाल ने अपनी बात रखी। इनके अलावा प्रदेश प्रभारी बिप्लब देब चुनाव प्रभारी सतीश पूनिया और चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने भी अपने सुझाव रखे। संघ ने सभी 10 सीटों को खुद संभालने का फैसला लिया। यहां संघ कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
सांसद नहीं पहुंचे, बाकी को लौटाया
संघ की बैठक में करनाल लोकसभा के सांसद संजय भाटिया नहीं पहुंचे। पार्टी ने उनका टिकट काटकर करनाल से पूर्व सीएम मनोहर लाल को टिकट दिया है। इनके अलावा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता समेत कई नेताओं को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। यहां तय लोग ही बैठक में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि कई स्थानीय कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक में सरकार में कार्यकर्ताओं के काम न होने और उनकी नाराजगी का बड़ा कारण बताया। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि संघ की बैठक रविवार रात को पानीपत में हुई है। वह बैठक में शामिल नहीं थी।



