हरियाणा में पारा 35 डिग्री, बढ़ेगी गर्मी…गेहूं की फसल पर डाल सकता है असर

हिसार : हरियाणा में मौसम में बदलाव के साथ दिन और रात के तापमान में बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। मार्च महीने के शुरूआत में ही तापमान 35 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है। सभी जिलों में 30 डिग्री सैल्सियस से ऊपर तापमान है। आमजन को दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है जबकि सुबह के वक्त मीठी ठंड बरकरार है। आने वाले दिनों में हरियाणा में गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज करेगी। वहीं बढ़ते तापमान से गेहूं उत्पादक किसानों की चिंता जरूर बढ़ी हुई है। समय से पहले तापमान में बढ़ौतरी का गेहूं पर असर देखने को मिल सकता है।
वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा के अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम व अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सैल्सियस ऊपर दर्ज किए जा रहे हैं पिछले 24 घंटों में सर्वाधिक अधिकतम तापमान गुरुग्राम में 35 डिग्री दर्ज किया गया है। रात्रि तापमान में भी उछाल देखने को मिल रहा है जो सबसे अधिक अंबाला 18.4 का दर्ज किया गया है। इन दिनों हवाओं के पैटर्न में बदलाव देखने को मिल रहा है हवाओं की दिशा पश्चिमी और 10-15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने से आगामी एक सप्ताह मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में और 3 से 5 डिग्री सैल्सियस बढ़ौतरी होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में 8 से 10 मार्च दौरान कहीं-कहीं अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज होने की प्रबल संभावना है। 8 और 11 मार्च को एक के बाद एक 2 कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आंशिक बादलवाही देखने को मिलेगी और उत्तरी हिस्सों में केवल छिटपुट बूंदाबांदी की सम्भावना है।



