पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, मार्च में ही तेज गर्मी की दस्तक

पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम को लेकर नई अपडेट सामने आई है। अब ठंड लगभग खत्म हो चुकी है और तापमान तेजी से बढ़ने लगा है। दिन के समय तेज धूप के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। विभाग के मुताबिक 12 मार्च तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से 7.1 डिग्री अधिक चल रहा है। श्री आनंदपुर साहिब में सबसे अधिक 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जिससे दिन के समय गर्मी का असर और बढ़ सकता है।



