चाय के साथ ट्राई करें ये हेल्दी और क्रिस्पी ‘चुकंदर के कबाब’, भूल जाएंगे बाजार का स्वाद

शाम ढलते ही जब चाय की खुशबू घर में फैलने लगती है, तब दिल कुछ क्रिस्पी और स्वाद से भरपूर खाने का मन करने लगता है। ऐसे समय में अगर प्लेट में कुछ ऐसा हो जो देखने में भी खूबसूरत लगे, टेस्ट में भी जबरदस्त हो और सेहत का भी पूरा ख्याल रखे, तो आनन्द दोगुना हो जाता है।
ऐसे में डीप फ्राइड पकौड़े या समोसे की जगह अगर आप कुछ हेल्दी ट्राई करना चाहते हैं, तो चुकंदर के क्रिस्पी हेल्दी कबाब एक टेस्ट में बेस्ट ऑप्शन साबित हो सकते हैं। ये कबाब बाहर से क्रिस्पी, अंदर से सॉफ्ट और पोषण से भरपूर होते हैं। आइए जानें इनकी आसान रेसिपी।
चुकंदर कबाब बनाने के लिए सामग्री:
मीडियम साइज के चुकंदर- 4
उबले हुए आलू- 2
बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स- 4टेबलस्पून
प्याज- 2
हरी मिर्च- 2-4
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 टीस्पून
धनिया पाउडर- 1 टीस्पून
गरम मसाला- 1/2 टीस्पून
स्वादानुसार नमक
बारीक कटा हरा धनिया- 2 टेबलस्पून
तेल- तलने के लिए
चुकंदर कबाब बनाने की विधि:
सबसे पहले उबले हुए चुकंदर को कद्दूकस कर लें और हाथ से दबाकर उसका एक्स्ट्रा पानी निकाल दें, जिससे कबाब बनाते समय मिक्सचर ढीला न हो।
अब एक बड़े बाउल में कद्दूकस किया हुआ चुकंदर, मैश किया हुआ आलू, प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया डालें।
इसके बाद इसमें नमक और सभी सूखे मसाले मिलाएं और मिक्सचर को अच्छी तरह से मिक्स करें।
अब इस मिक्सचर में बेसन या ब्रेड क्रम्ब्स डालें। यह कबाब को बांधने में मदद करेगा और इन्हें क्रिस्पी भी बनाएगा।
अगर मिश्रण गीला लगे तो थोड़ा और बेसन डाल सकते हैं। अब हाथों में थोड़ा सा तेल लगाकर इससे गोल या चपटे कबाब बना लें।
अब एक नॉन-स्टिक पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और धीमी से मीडियम फ्लेम पर कबाब को सेकें। कबाब को पलट-पलट कर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक पकाएं।
चाहें तो इन्हें एयर फ्रायर या ओवन में भी कम तेल में तैयार किया जा सकता है।
गरमागरम चुकंदर के क्रिस्पी हेल्दी कबाब को हरी धनिया-पुदीने की चटनी या दही की डिप के साथ सर्व करें।



