भाजपा कार्यालय में बोलीं सीएम रेखा गुप्ता, देश की बेटियां अब हक लेकर रहेंगी

दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संसद में उचित प्रतिनिधित्व देने के मौके पर भी विपक्ष राजनीति कर रहा है और बिल को कमजोर करने की कोशिश की गई।
नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी देश की बेटियों को संसद तक पहुंचने का पूरा अधिकार नहीं मिल पाया है। कांग्रेस महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में साथ देने के बजाय इसे टालने की राजनीति कर रही है।
दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने का मौका आया, लेकिन विपक्ष ने फिर राजनीति को महिलाओं के अधिकारों पर भारी कर दिया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी देश की बेटियों को संसद तक पहुंचने का पूरा अधिकार नहीं मिला है। ऐसे समय में जब महिलाओं को उनका हक देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है, विपक्ष इसे लोकतंत्र की जीत बताकर महिलाओं की हार पर पर्दा डालने की कोशिश कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पिछले 30 वर्षों से लटका हुआ था। देश की महिलाओं को उम्मीद थी कि इस बार विपक्ष दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साथ देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अलग-अलग बहाने बनाकर विधेयक को रोकने और कमजोर करने की कोशिश की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का मन ही इस बिल को पास कराने का नहीं था। परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए, जबकि यह पहले से तय और जरूरी प्रक्रिया है। वर्ष 2023 में पारित बिल में इससे जुड़ी सभी बातें साफ लिखी गई थीं। इसके बावजूद भ्रम फैलाया गया।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अगर मौजूदा 543 सीटों पर इसे लागू करने की बात होती है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि कौन पुरुष प्रतिनिधि अपनी सीट छोड़ने को तैयार होगा। इसलिए इस मुद्दे पर केवल राजनीति करना आसान है, समाधान देना मुश्किल।
उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समझ रही है कि कौन महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहता है और कौन उन्हें रोकना चाहता है। विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाएं देश के नेतृत्व में बड़ी भूमिका निभाएं। इन लोगों ने हमेशा विकास और बदलाव का विरोध किया है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विपक्ष को इस ऐतिहासिक कदम का श्रेय लेने तक का मौका दिया, लेकिन वे उसके लिए भी तैयार नहीं हुए। रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की बेटियां अब अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगी और अपना अधिकार लेकर रहेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कई वरिष्ठ महिला नेत्रियां भी मौजूद रहीं।



