सीएम मोहन यादव आज करेंगे राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन अभ्युदय-2026 का उद्घाटन

मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को भोपाल में चतुर्थ राष्ट्रीय एचआर-सीएसआर सम्मेलन ‘अभ्युदय-2026’ का शुभारंभ करेंगे। कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में सुबह 10 बजे होने वाले उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री प्रतिभागियों को संबोधित करने के साथ उनसे संवाद भी करेंगे। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘समग्र कल्याण के लिए पर्यावरणीय, सामाजिक उत्तरदायित्व, सुशासन और सभ्यतागत ज्ञान का समन्वय’ रखी गई है। इसमें उद्योग जगत, सरकार, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संस्थाओं के बीच सहयोग बढ़ाने तथा जनहित से जुड़े क्षेत्रों में व्यावहारिक पहल विकसित करने पर चर्चा होगी।

सम्मेलन में कौशल विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर साझेदारी की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। इसका उद्देश्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) और मानव संसाधन (एचआर) से जुड़े प्रयासों को सामाजिक जरूरतों से जोड़ना है, ताकि विभिन्न संस्थाएं मिलकर उपयोगी मॉडल तैयार कर सकें।

कार्यक्रम में इंडोनेशिया से पद्मश्री डॉ. अगुस इंद्र उदयाना, एस-व्यासा के कुलाधिपति पद्मश्री डॉ. एच. आर. नागेंद्र, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के प्रतिनिधि श्रीराम तिवारी और सम्मेलन के संयोजक डॉ. विक्रांत सिंह तोमर शामिल होंगे। सम्मेलन में देशभर से कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक क्षेत्र के विशेषज्ञों के भाग लेने की उम्मीद है।

इस आयोजन को संस्कृति विभाग के श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। डॉ. विक्रांत सिंह तोमर की संस्था यूनाइटेड काउंसिल फॉर एंशिएंट विजडम-यूनाइटेड कॉन्शसनेस भी इसमें सहयोग कर रही है।

Related Articles

Back to top button